चुनाव 26 : वन प्राणियों के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने उम्मीदवार से मांगी सुरक्षा
अलीपुरद्वार, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के फालाकाटा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच एक अलग ही चिंता सामने आई है। विधानसभा चुनाव 2026 की गहमागहमी के बावजूद डुआर्स के जंगल से सटे गांवों में लोगों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा वन प्राणियों का आतंक बन गया है।
मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सुभाषचंद्र राय जब बंशीधरपुर गांव में प्रचार करने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने वोट की बात छोड़कर उनसे अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने हाथ जोड़कर कहा “हमें हाथी और तेंदुए के हमलों से बचाइए।
जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान से सटे इन इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात आम बात हो गई है। हाल ही में योगेंद्रनगर गांव में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा घरों को नुकसान पहुंचाना और फसलों को बर्बाद करना भी लगातार जारी है। अब तेंदुओं का खतरा भी बढ़ गया है। बीते रविवार रात बंशीधरपुर में दो घरों में घुसकर तेंदुए ने मवेशियों को मार डाला, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। सूरज ढलते ही लोग घरों में बंद होने को मजबूर है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें राजनीतिक वादों से ज्यादा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता है।
इस दौरान सुभाषचंद्र राय ने भरोसा दिलाया कि यदि वे चुनाव जीतते है, तो इन गांवों को वन प्राणियों के हमलों से सुरक्षित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ऐसे हमले काफी बढ़े है और इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
फिलहाल इन इलाकों में चुनावी मुद्दों से ज्यादा जंगल का डर हावी है।
अब देखना होगा कि उम्मीदवारों के आश्वासन पर जनता कितना भरोसा करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

