मतदान के एक दिन बाद महिला को मिला वोटर स्लिप, बीएलओ का घेराव कर ग्रामीणों ने जताया विरोध
मालदा, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के एक दिन बाद शुक्रवार सुबह युवती को वोटर स्लिप मिलने से ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। घटना मालदा जिलान्तर्गत चांचल इलाके की है। गुस्साए ग्रामीणों ने बीएलओ का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को मालदा में पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ लेकिन वोटर स्लिप न होने के कारण चंचोल विधानसभा सीट के सिहीपुर गांव के बूथ नंबर 223 की वोटर हुश्नआरा बेगम मतदान नहीं कर पाईं। युवती का आरोप है कि बीएलओ अख्तर हुसैन से पूछने पर उन्होंने कहा कि उनका नाम मतदाता सूची में था लेकिन एसआईआर में नाम नहीं है। शुक्रवार को जब बीएलओ वोटर स्लिप लेकर महिला के घर आए तो ग्रामीणों मैं आक्रोश फैल गया। लोगों ने बहुत देर तक उन्हें इलाके में ही रोके रखा गया और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। अंततः आरोपित ने अपनी गलती मान ली। आरोप है कि बीएलओ के साथ ग्रामीणों की नोंकझोंक भी हुई।
घटना के बारे में चांचल से कांग्रेस छोड़कर आए निर्दलीय उम्मीदवार अंजारुल हक ने कहा कि जब से यह बीएलओ चार्ज में आया है, वह गलत जानकारी देकर पूरे सिहीपुर गांव के लोगों को डरा रहा है। उन्हें सज़ा मिलनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

