मतदाता सूची से नाम हटने पर पथावरोध, ग्रामीणों का प्रदर्शन
कूचबिहार, 05 मार्च (हि. स.)। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की अंतिम सूची में नाम कटने को लेकर गुरुवार को तुफानगंज दो ब्लॉक के शालबाड़ी एक ग्राम पंचायत के नागुरुरहाट इलाके में भारी हंगामा हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने टायर जलाकर बोचामारी-तुफानगंज राज्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि करीब 200 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए है, जबकि लगभग 900 लोगों के नाम ‘विचाराधीन सूची’ में रखे गए है। नागरिक मंच के बैनर तले ग्रामीण सुबह से ही हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद उनका नाम सूची से हटा दिया गया और उन्हें ‘बांग्लादेशी’ साबित करने की कोशिश की जा रही है। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बक्शीरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआत में प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
पंचायत समिति के अध्यक्ष शीतल चंद्र दास ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। वहीं महकमा शासक किंगशुक माइती ने इस मामले में फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
इधर भाजपा नेता सुषांत राभा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राजनीतिक उद्देश्य से लोगों को गुमराह कर रही है। वहीं ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष निरंजन सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि असली मतदाताओं के नाम काटने के पीछे भाजपा की साजिश है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

