home page

आवास योजना में धन उगाही का आरोप, पंचायत प्रधान के घर पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

 | 
आवास योजना में धन उगाही का आरोप, पंचायत प्रधान के घर पर ग्रामीणों का प्रदर्शन


कूचबिहार, 04 जून (हि. स.)। जिले के मेखलिगंज ब्लॉक के वोटबाड़ी ग्राम पंचायत क्षेत्र में आवास योजना के तहत कथित धन उगाही वसूली को लेकर गुरुवार को भारी बवाल देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान लिपिका राय के घर के बाहर प्रदर्शन किया और पैसे वापस करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रधान के पति उत्तम कुमार राय लंबे समय से आवास योजना में घर दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से मोटी रकम वसूल रहे हैं।

कई लोगों ने यह भी दावा किया कि पैसे न देने पर उनके नाम सूची से हटा दिए गए।

स्थानीय निवासी स्वपन बसाक ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के तीन सदस्यों को घर मिलने के बदले कुल 45 हजार रुपये वसूले गए। वहीं, संतना राय अधिकारी ने कहा कि उनकी सास के नाम पर घर आने के बाद उन्हें दस हजार रुपये देने के लिए मजबूर किया गया और विरोध करने पर धमकियां दी गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि धन उगाही के पैसों से प्रधान और उनके परिवार ने ऐशो-आराम की जिंदगी शुरू कर दी है। इसके अलावा, इलाके में सड़क निर्माण कार्य में भी अनियमितताओं के आरोप लगाए गए है।

हालांकि, पंचायत प्रधान के पति उत्तम कुमार राय ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “अगर कोई मेरे खिलाफ पैसे लेने का सबूत दे दे, तो मैं रकम वापस कर दूंगा।” घटना के वक्त पंचायत प्रधान और उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे।

इस मामले को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक पैसे वापस नहीं मिलते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार