जर्जर सड़क से अंतिम संस्कार में बाधा, ग्रामीणों ने किया पथावरोध
कूचबिहार, 02 अगस्त (हि. स.)। निर्माणाधीन फालाकाटा-सलसलाबाड़ी हाईवे की बदहाल स्थिति और अव्यवस्था के कारण एक मृत महिला के अंतिम संस्कार में भारी बाधा उत्पन्न हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, फालाकाटा दो नंबर ग्राम पंचायत के रायचेंगा इलाके की निवासी बकुली शील सरकार (80) का शनिवार देर रात निधन हो गया। क्षेत्र के लोगों का श्मशान घाट कालीपुर में चरतोर्षा नदी के किनारे स्थित है। परंपरा के अनुसार, रविवार को ग्रामीण करीब तीन किलोमीटर पैदल शव को कंधे पर लेकर श्मशान की ओर जा रहे थे। लेकिन फालाकाटा-सलसलाबाड़ी निर्माणाधीन हाईवे के पास पहुंचते ही उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आरोप है कि श्मशान तक जाने वाला एकमात्र लिंक रोड लगातार बारिश के कारण कई दिनों से धंस गया है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति ऐसी हो गई कि शव को श्मशान तक ले जाना असंभव हो गया। यहां तक कि अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और अन्य सामान लाने वाला टोटो वाहन भी धंसी हुई सड़क और गड्ढों के कारण आगे नहीं बढ़ सका। मजबूर होकर ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ आक्रोशित ग्रामीण खुद कुदाल लेकर सड़क को समतल करने की कोशिश में जुट गए। लगभग एक घंटे तक अफरा-तफरी और भारी दुश्वारियों का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण हरकत में आया और मौके पर एक अर्थमूवर (जेसीबी) भेजा गया। हालांकि, देर से की गई कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष देखा गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सड़क प्राधिकरण का एक प्रतिनिधि मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल जेसीबी की मदद से रास्ते को अस्थायी रूप से चलने लायक बनाया जा रहा है। भविष्य में स्थायी समाधान के तहत यहां कंक्रीट ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा, ताकि बारिश में सड़क दोबारा न धंसे। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही उन्हें लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसी परिजन के अंतिम संस्कार में भी इस तरह की अमानवीय स्थिति का सामना करना पड़ेगा, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

