हाथी के हमले में वृद्ध की मौत पर ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, वनकर्मियों पर किया हमला
अलीपुरद्वार, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के पूर्व काठालबाड़ी ग्राम पंचायत के जोगेंद्रनगर गांव में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वृद्ध महिला शचिबाला देवनाथ की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। घटना के बाद वन विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बाद में जब सोनापुर चौकी की पुलिस शव उठाने पहुंची तो लोगों का गुस्सा और भड़क गया। मौके पर केंद्रीय बल की मौजूदगी को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए “यहां चुनाव नहीं है, फिर केंद्रीय बल क्यों?” और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि जवानों को करीब 200 मीटर पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान जब वनकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उग्र भीड़ ने उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि दो वनकर्मियों के साथ मारपीट की गई। पुलिस और केंद्रीय बल ने किसी तरह उन्हें बचाया। हालात बिगड़ते देख सोनापुर चौकी के ओसी मिंगमा शेरपा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में जलदापाड़ा साउथ के रेंजर राजीव चक्रवर्ती और जलदापाड़ा वेस्ट के रेंजर अयन चक्रवर्ती भी पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत किया। वन विभाग की ओर से मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद कई घंटों से चल रहा तनाव कुछ हद तक शांत हुआ।
हालांकि, हाथियों के लगातार हमलों को लेकर ग्रामीणों और वन विभाग के बीच लंबी बातचीत हुई। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व काठालबाड़ी ग्राम पंचायत के जोगेंद्रनगर गांव में वृद्ध महिला शचिबाला देवनाथ अपने घर के सामने खाली जमीन में बकरी बांधने गई थी। तभी एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

