आईआईटी खड़गपुर में युवाओं के साथ देश की विकास यात्रा पर हुआ विचार-विमर्श
खड़गपुर, 06 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिला भाजपा अध्यक्ष सोमेन तिवारी शुक्रवार को आईआईटी खड़गपुर परिसर स्थित कालिदास ऑडिटोरियम (तक्षशिला) में आयोजित ‘विकसित भारत-2047 युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। सुबह 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित सामंत, प्रदेश सचिव सोनाली मुर्मू सोरेन सहित संगठन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता के साथ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की गई। इस दौरान देश की आर्थिक प्रगति, सामाजिक विकास, शिक्षा, कौशल संवर्धन, रोजगार, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस संवाद का मूल उद्देश्य युवाओं को देश की विकास संबंधी परिकल्पना से जोड़ना तथा राष्ट्र के भविष्य को लेकर उनके विचारों और सुझावों को सामने लाना रहा। वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होंगे। इसी ऐतिहासिक पड़ाव तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को ‘विकसित भारत-2047’ नाम दिया गया है। इस दृष्टिकोण में आर्थिक उन्नति के साथ सामाजिक प्रगति, पर्यावरणीय स्थिरता और सुशासन को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
विकसित भारत की परिकल्पना में युवाओं को केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार के रूप में देखा गया है। शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, खेल और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से युवा शक्ति को देश की विकास यात्रा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

