विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस पर शुभेंदु अधिकारी ने दी शुभकामनाएं
हुगली, 04 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर परिषद के सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और सनातनी भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।
अपने संदेश की शुरुआत “धर्मो रक्षति रक्षितः” से करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सनातन समाज को एकजुट करने, धर्म और संस्कृति की रक्षा तथा मानव सेवा के महान उद्देश्य के साथ विश्व हिंदू परिषद की स्थापना हुई थी।
उन्होंने कहा कि छह दशकों से अधिक समय से विश्व हिंदू परिषद भारतीय सभ्यता, संस्कृति और सनातन परंपराओं की पताका विश्व पटल पर फहराने के साथ-साथ पीड़ित और वंचित लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन से लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने में परिषद के समर्पित और त्यागी कार्यकर्ताओं के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का अटूट संकल्प निरंतर प्रेरणा देता है।
उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस पर परिषद के सभी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा, समर्पण और संकल्प को नमन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

