home page

तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़, आरोप भाजपा पर

 | 
तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़, आरोप भाजपा पर


सिलीगुड़ी, 05 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 33 में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना शुक्रवार को सामने आई है। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े लोगों ने कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ किया।

स्थानीय तृणमूल नेताओं के अनुसार, हमलावरों ने कार्यालय के अंदर रखी अलमारी, पंखे और टीवी को तोड़ दिया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर भी फाड़ दी गई।

आरोप है कि कार्यालय की दीवारों का रंग बदलने की कोशिश की गई और वहां भाजपा का झंडा लगा दिया गया। इससे इलाके में तनाव फैल गया।

स्थिति बिगड़ते देख एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। बाद में भाजपा नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर लगाए गए झंडों को हटाया।

भाजपा की ओर से इस घटना में सीधे तौर पर शामिल होने से इनकार किया गया है। पार्टी का कहना है कि यह घटना जनआक्रोश का परिणाम हो सकती है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार