home page

युवक की मौत पर इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल में तोड़फोड़

 | 
युवक की मौत पर इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल में तोड़फोड़


मालदा, 01 मई (हि. स.)। जिले के चांचल स्थित चांचल सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप को लेकर जमकर तोड़फोड़ का मामला शुक्रवार को सामने आया है। बताया जा रहा है कि देर रात एक युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में बदल गया, हालात काबू करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा। मृतक की पहचान अंकन रॉय (34) के रूप में हुई है, जो महानंदपुर गांव के निवासी थे।

परिजनों के अनुसार, बाथरूम में गिरने के बाद उन्हें सीने में जलन महसूस हुई, जिसके बाद तुरंत अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे तल के मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

मृतक की गर्भवती पत्नी राखी दास ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

राखी दास का कहना है कि दर्द से तड़पने के बावजूद डॉक्टरों और नर्सों ने समय पर ध्यान नहीं दिया। उनका दावा है कि एक इंजेक्शन देने के कुछ देर बाद ही अंकन की मौत हो गई और यदि सही समय पर इलाज शुरू होता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।

अस्पताल के सुपर सुमित तालुकदार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अस्पताल लाने के समय मरीज के हाथ-पांव ठंडे थे और वह नशे की हालत में था। साथ ही उसे शुगर और छाती में संक्रमण की समस्या थी, जिसके चलते तुरंत इलाज शुरू किया गया था।

उन्होंने दावा किया कि दूसरे तल पर भी डॉक्टर की मौजूदगी में इलाज जारी था।

मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग उग्र हो गए और अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ दिए गए। सूचना पाकर चांचल थाना की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।

तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल अस्पताल परिसर में पुलिस की निगरानी जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार