home page

टोटो और ऑटो चालकों को विधायक दीपांजन चक्रवर्ती का आश्वासन, कहा- एकतरफा फैसला नहीं होगा

 | 
टोटो और ऑटो चालकों को विधायक दीपांजन चक्रवर्ती का आश्वासन, कहा- एकतरफा फैसला नहीं होगा


हुगली, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने शनिवार को जीटी रोड पर टोटो परिचालन को लेकर उत्पन्न भ्रम के बीच टोटो और ऑटो चालकों के लिए एक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से अनजाने में हुई संचार संबंधी त्रुटि के कारण टोटो चालकों में जो भ्रम पैदा हुआ है, उसे दूर किया जाएगा और किसी भी तरह का एकतरफा निर्णय नहीं लिया जाएगा।

विधायक ने टोटो और ऑटो चालकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी पक्षों के साथ चर्चा करने और सर्वसम्मति से बातचीत के आधार पर ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी चालक को कोई परेशानी या समस्या है तो वह उनके चारों कार्यालयों में से किसी एक में आकर उनसे सीधे मुलाकात कर सकता है। उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाएगा तथा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि प्रशासन के जिस अधिकारी के कारण यह अनावश्यक भ्रम पैदा हुआ, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने को लेकर वह प्रतिबद्ध हैं।

विधायक ने स्पष्ट किया कि मेहनतकश टोटो और ऑटो चालकों के हितों को सुरक्षित रखते हुए ही प्रत्येक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने चालकों से अपील की कि वे किसी तरह के भ्रम या अफवाह में न आएं।

जीटी रोड पर टोटो परिचालन को लेकर पिछले दिनों से बनी स्थिति के बीच विधायक का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टोटो चालकों ने शनिवार को वैकल्पिक रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय