home page

पूलकार में बच्चे से मारपीट की शिकायत के बाद विवाद, पिता और दोस्तों पर हमला

 | 
पूलकार में बच्चे से मारपीट की शिकायत के बाद विवाद, पिता और दोस्तों पर हमला


हुगली, 22 सितंबर (हि. स.)। पूलकार में स्कूल जाने वाले आठ वर्षीय बच्चे के साथ अन्य छात्रों द्वारा सोमवार शाम मारपीट की शिकायत करने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शिकायत से नाराज पूलकार मालिक और कुछ चालकों समेत करीब 10-15 लोगों ने बच्चे के पिता और उनके दोस्तों पर हमला कर दिया। घटना सोमवार शाम हिंदमोटर के नंदनकानन इलाके की है।

घायल बच्चे के पिता बिप्लब कुमार विश्वास और उनके दोस्त हेमंत दास समेत कई लोग हमले में घायल हुए हैं। बिप्लब की नाक पर चोट लगी, जबकि हेमंत के सिर में गंभीर चोट आई। हमले को रोकने की कोशिश में कुछ स्थानीय लोग भी घायल हुए। सभी का प्राथमिक उपचार उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में कराया गया।

बिप्लब कुमार विश्वास ने मंगलवार को कहा कि मामूली विवाद को लेकर इस तरह का हमला स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में चलने वाली कुछ पूलकारों के पास जरूरी दस्तावेज, जैसे रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं हैं।

दरअसल, नंदनकानन निवासी बिप्लब कुमार विश्वास का आठ वर्षीय बेटा एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ता है और पूलकार से स्कूल आता-जाता है। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से स्कूल जाते और लौटते समय पूलकार में कुछ अन्य छात्र बच्चे के साथ मारपीट कर रहे थे। सोमवार को बिप्लब ने इस संबंध में पूलकार चालक से शिकायत की। चालक ने घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया।

हालांकि, सोमवार शाम के बाद पूलकार मालिक सोनू और कुछ चालकों समेत 10-15 लोग एक स्थानीय क्लब के सामने पहुंचे और बिप्लब कुमार विश्वास तथा उनके दोस्तों पर हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हुए। उत्तरपाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। उत्तरपाड़ा थाने की पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय