उत्तरपाड़ा के निजी नर्सिंगहोम में नवजात को खिड़की से फेंकने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
हुगली, 07 नवंबर (हि.स.)। हुगली जिले के उत्तरपाड़ा नगरपालिका के 15 नंबर वार्ड स्थित एक निजी नर्सिंगहोम में नवजात शिशु को खिड़की से बाहर फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 16 वर्षीय एक नाबालिग को पेट में दर्द की शिकायत के बाद नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया था। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग हावड़ा की रहने वाली है। उसके परिवार का दावा है कि उन्हें बेटी के गर्भवती होने की कोई जानकारी नहीं थी। पेट में दर्द होने पर ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नाबालिग की मां ने कहा, विश्वास कीजिए, हमें इस बारे में कुछ भी पता नहीं था। वह पेट में दर्द की शिकायत कर रही थी, इसलिए उसे अस्पताल लाए थे।
दूसरी ओर, नर्सिंगहोम प्रबंधन का दावा है कि शनिवार सुबह नाबालिग खुद पैदल चलकर बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया और उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया।
स्थानीय युवक के अनुसार, वह पास में काम कर रहा था। अचानक ऊपर से किसी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उसने एक नवजात शिशु को पड़ा देखा। उसने तुरंत अन्य लोगों को बुलाया। इसके बाद नर्सिंगहोम की एक नर्स बाहर आई और बच्चे को उठाकर तत्काल अंदर ले गई।
नर्सिंगहोम की चिकित्सक डॉ. सुचेता मुखोपाध्याय ने बताया कि नाबालिग को शुक्रवार रात करीब एक बजे पेट दर्द की शिकायत के साथ भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह उसका रक्त परीक्षण किया गया था। पेट में दर्द बढ़ने के बावजूद वह खुद पैदल बाथरूम गई और वहीं बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सक का आरोप है कि इसके बाद नाबालिग ने बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। उनके अनुसार, ऐसा उसने अपनी गर्भावस्था की बात छिपाने और खुद को सामान्य दिखाने के लिए किया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

