उत्तरपाड़ा के घाटों के विकास की कवायद, सिंचाई और शहरी विकास विभाग के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
हुगली, 26 अगस्त (हि. स.)। उत्तरपाड़ा के विभिन्न घाटों के संस्कारीकरण, आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण की दिशा में बुधवार को राज्य सरकार के सिंचाई एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारियों ने इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे।
अधिकारियों ने भद्रकाली शिवतला श्मशान घाट, कोन्नगर साधु घाट सहित कई अन्य घाटों का दौरा कर वहां की मौजूदा स्थिति और विकास कार्यों की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाटों के विकास के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और प्रस्तावित कार्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मौके पर जाकर देखा गया।
विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि घाटों के संस्कारीकरण, आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्यों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की।
विधायक ने कहा कि चुनावी घोषणापत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं और उत्तरपाड़ा के विकास के लिए लगातार काम जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि लोगों के लिए, लोगों के साथ और लोगों के पास—इसी संकल्प के साथ उत्तरपाड़ा के विकास की दिशा में हमारा निरंतर प्रयास जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

