गाजोल में खराब राशन चावल को लेकर हंगामा, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम
मालदा, 05 मार्च (हि. स.)। गाजोल के जामतला इलाके में राशन की दुकान से मिले खराब चावल को लेकर गुरुवार दोपहर जमकर बवाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-512 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्राहकों का आरोप है कि राशन में दिए गए चावल में पत्थर के टुकड़े, गंदगी के साथ-साथ चूहे और बकरी की बीट भी मिली। बताया गया कि साहाजादपुर ग्राम पंचायत के राशन डीलर आशिष प्रसाद सुबह से चावल बांट रहे थे, तभी लोगों ने बोरियों में गंदगी देखी और विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय निवासी मोहम्मद कुर्बान अंसारी का कहना है कि डीलर अक्सर खराब राशन देते है और विरोध करने पर जबरन लेने के लिए दबाव डालते है। रमजान के महीने में ऐसा चावल मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। वहीं, बुजुर्ग महिला उमेतन बीवी ने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए, क्या ऐसा चावल इंसान खा सकता है?
स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने जामतला बस स्टैंड के पास एनएच-512 को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर जाम हटवाया। काफी प्रयास के बाद इलाके की स्थिति सामान्य हुई।
राशन डीलर आशिष प्रसाद ने चावल में गंदगी होने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि संभवतः गोदाम से गलती से ऐसी बोरियां भेज दी गई। मामला सामने आते ही चावल वितरण फिलहाल रोक दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

