home page

दिनहाटा : नामांकन दाखिले के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प

 | 
दिनहाटा : नामांकन दाखिले के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प


कूचबिहार, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के दिनहाटा में विधानसभा चुनाव 2026 के नामांकन के दौरान बुधवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। एसडीओ कार्यालय परिसर में तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।

तृणमूल उम्मीदवार और उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा सुबह करीब साढ़े 11 बजे नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके कुछ ही मिनट बाद भाजपा उम्मीदवार अजय राय भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे।

आरोप है कि अजय राय के दफ्तर में प्रवेश के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच माहौल गरमा गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। दफ्तर के बाहर जमा तृणमूल समर्थकों को हटाने के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को सख्ती बरतनी पड़ी।

फिलहाल इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल तैनात है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार