इलाज में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा
दक्षिण दिनाजपुर, 23 जुलाई (हि. स.)। जिले के गंगारामपुर सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप को लेकर गुरुवार को भारी हंगामा हो गया। एक मरीज की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल के अंदर तोड़फोड़ की गई। मृतक की पहचान सुजय सरकार (40) के रूप में हुई है, जो सिलीगुड़ी के रंगापानी इलाके के निवासी थे।
परिवार के अनुसार, बुधवार को ट्रेन से गंगारामपुर स्थित ससुराल आते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि रात में मरीज की हालत बिगड़ने पर अस्पताल ने खून की जरूरत बताई, जिसे उन्होंने तुरंत उपलब्ध भी करा दिया। लेकिन गुरुवार दोपहर अचानक मरीज की मौत की खबर दे दी गई।
मृतक के ससुर कृष्ण सरकार का कहना है कि उन्होंने कई बार डॉक्टरों से मरीज की हालत और बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की बात पूछी, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उनका आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनके दामाद की मौत हुई है और वे इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराएंगे।
मृतक की पत्नी अर्पिता सरकार ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उन्हें अपने पति से मिलने नहीं दिया गया। अगर पहले स्थिति की गंभीरता बताई जाती, तो वे उन्हें किसी बड़े अस्पताल में ले जा सकते थे।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मौत की खबर फैलते ही परिजनों में शोक और आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर गंगारामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। खबर लिखे जाने तक स्थिति नियंत्रण में थी, परिवार ने इलाज में लापरवाही के आरोप में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

