home page

उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के दौरान हंगामा, एबीवीपी पर मारपीट का आरोप

 | 
उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के दौरान हंगामा, एबीवीपी पर मारपीट का आरोप


सिलीगुड़ी, 02 सितंबर (हि. स.)। उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में प्रथम वर्ष के एडमिशन के दौरान बुधवार को हंगामा हो गया। काउंसलिंग के बीच मारपीट और अव्यवस्था के आरोपों से परिसर में तनाव फैल गया।

आरोप है कि नवागत छात्रों की मदद के लिए अखिल भारतीय लोकतांत्रिक छात्र संगठन (एआईडीएसओ) की ओर से लगाए गए हेल्प डेस्क पर मौजूद इंटर्न और डॉक्टरों के साथ कुछ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सदस्यों ने मारपीट की। मोबाइल फोन और स्टेथोस्कोप छीनने तथा महिला इंटर्न के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है।

हालांकि, एबीवीपी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। एबीवीपी कार्यकर्ता अभिजीत राय का दावा है कि बिना अनुमति बाहरी लोगों के परिसर में आने से स्थिति बिगड़ी है।

एआईडीएसओ के सचिव तथा इंटर्न डॉक्टर हिरण्मय राय ने आरोप लगाया कि नए छात्रों की मदद करने के दौरान हेल्प डेस्क पर मौजूद लोगों पर एबीवीपी के सदस्यों ने हमला कर दिया। एबीवीपी के सदस्यों ने महिला इंटर्न के साथ भी दुर्व्यवहार किया है। हिरण्मय राय का आरोप है कि मोबाइल फोन और स्टेथोस्कोप भी कथित तौर पर छीन लिए गए है।

घटना की सूचना पर मेडिकल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) अनिर्बाण मजूमदार ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और एडमिशन प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि हमले का कोई प्रमाण अभी नहीं मिला है, लेकिन लिखित शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार