home page

सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर हंगामा और तोड़फोड़

 | 
सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर हंगामा और तोड़फोड़


सिलीगुड़ी, 22 अप्रैल (हि.स.)। बसों की कमी के कारण सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यात्रियों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहने के बावजूद बसें नहीं मिल सकीं, जिससे गुस्साए यात्रियों ने टिकट काउंटर में तोड़फोड़ कर दी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह से ही सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड पर भारी भीड़ देखी गई। आगामी चुनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना होना चाहते थे, लेकिन पर्याप्त बसों की अनुपलब्धता के कारण स्थिति बिगड़ गई। कई यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार के बावजूद बस नहीं मिली, जिससे उनका गुस्सा भड़क उठा।

आरोप है कि कुछ आक्रोशित यात्रियों ने कार्यालय में घुसकर टिकट काउंटर पर तोड़फोड़ की और कंप्यूटर सहित कई उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी और तनाव फैल गया।

यात्रियों ने लंबी प्रतीक्षा और बसों की कमी को लेकर नाराजगी जताई है।

इस मामले पर उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) के प्रभारी समीर सरकार ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कई बसों को अन्य कार्यों में लगाया गया है, जिसके कारण नियमित सेवा प्रभावित हुई। इसी वजह से अतिरिक्त बसों का संचालन संभव नहीं हो सका और यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।

समीर सरकार ने यह भी बताया कि लंबे समय तक प्रतीक्षा के बाद यात्रियों में असंतोष बढ़ा, जिसके चलते कुछ लोगों ने काउंटर में तोड़फोड़ की।

घटना के बाद बस स्टैंड की सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित हो गईं। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सिलीगुड़ी प्रधाननगर थाना पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार