home page

पूर्वा एक्सप्रेस से 95 कछुओं के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
पूर्वा एक्सप्रेस से 95 कछुओं के साथ युवक गिरफ्तार


पूर्वा एक्सप्रेस से 95 कछुओं के साथ युवक गिरफ्तार


पश्चिम बर्दवान, 06 जून (हि. स.)। आसनसोल में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडाल जीआरपी ने पूर्वा एक्सप्रेस से करीब 95 जीवित कछुए बरामद किए हैं। इस मामले में उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान बबी नोन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक युवक पर जीआरपी कर्मियों को उस समय संदेह हुआ, जब वह कई बोरों के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ के दौरान उसके जवाब संतोषजनक नहीं होने पर पुलिस ने बोरों की तलाशी ली। तलाशी में बड़ी संख्या में जीवित कछुए बरामद हुए।

इसके बाद ट्रेन को रानीगंज स्टेशन पर रोककर आरोपित को अंडाल जीआरपी थाना लाया गया। जांच में बोरों से करीब 90 से 95 कछुए बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि किसी व्यक्ति ने ये बोरे हावड़ा पहुंचाने के लिए दिए थे। शनिवार को उसे आसनसोल अदालत में पेश किया गया।

घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग और डीएफओ कार्यालय के अधिकारियों ने कछुओं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कछुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। वन्यजीव तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा