home page

वर्तमान समय में ज्ञान एवं सूचना तक त्वरित पहुँच के लिए डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म अत्यंत आवश्यक : प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह

 | 
वर्तमान समय में ज्ञान एवं सूचना तक त्वरित पहुँच के लिए डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म अत्यंत आवश्यक : प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह


उत्तर प्रदेश लाइब्रेरी एसोसिएशन (उपला) की आधिकारिक वेबसाइट www.upla.in का लोकार्पण

लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन को नई गति प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश लाइब्रेरी एसोसिएशन (उपला) की आधिकारिक वेबसाइट www.upla.in का रविवार काे विधिवत लोकार्पण डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के सभागार में उपला की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति में किया गया। यह वेबसाइट पुस्तकालयाध्यक्षों, शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं सूचना पेशेवरों के लिए एक समर्पित डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगी। डॉ. मनीष बाजपेयी, उपाध्यक्ष उपला ने विस्तार से वेबसाइट के प्रत्येक पहलू के बारे मे सभी पदाधिकारियों को गहनता से अवगत कराया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में उपला के अध्यक्ष प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह संघ के लिए ऐतिहासिक एवं गर्व के क्षण है तथा वर्तमान समय में ज्ञान एवं सूचना तक त्वरित पहुँच के लिए डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट एसोसिएशन की गतिविधियों को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सदस्य-केंद्रित बनाएगी। इसके माध्यम से सदस्यता, समाचार, अधिसूचनाएँ, संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं की जानकारी, प्रकाशन, व्यावसायिक गतिविधियाँ तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएँ एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि उपला का उद्देश्य केवल पुस्तकालय पेशेवरों को जोड़ना ही नहीं, बल्कि ज्ञान-साझेदारी, व्यावसायिक उत्कृष्टता, नवाचार एवं आजीवन अधिगम की संस्कृति को भी प्रोत्साहित करना है। उन्होने डॉ. मनीष बाजपेयी का आभार व्यक्त किया कि उन्हीं के प्रयास और कठिन परिश्रम से यह कार्य संभव हो सका है।आज वेबसाइट का औपचारिक रूप से रस्तोगी जी वरिष्ठ सदस्य उपला ने सभी पदाधिकारियों के साथ किया। संघ के महासचिव विनोद कुमार मिश्रा ने वेबसाइट के निर्माण में सहयोग देने वाले सभी विशेषज्ञों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पोर्टल पुस्तकालय समुदाय के बीच संवाद, सहयोग एवं व्यावसायिक विकास का प्रभावी माध्यम बनेगा।

इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि www.upla.in उत्तर प्रदेश के पुस्तकालय आंदोलन को नई दिशा प्रदान करेगी तथा राज्य के साथ-साथ देशभर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान समुदाय के लिए एक उपयोगी और विश्वसनीय सूचना मंच सिद्ध होगी। उत्तर प्रदेश लाइब्रेरी एसोसिएशन ने सभी पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान पेशेवरों, शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा पुस्तकालय प्रेमियों से वेबसाइट www.upla.in का अवलोकन करने, सदस्यता ग्रहण करने तथा एसोसिएशन की गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। अन्त में उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रांतों से पधारे सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह