home page

रिषड़ा में यूनाइटेड वेजिटेबल मैदान की जमीन बेचने के आरोप में 11 लोगों पर एफआईआर, एक गिरफ्तार

 | 
रिषड़ा में यूनाइटेड वेजिटेबल मैदान की जमीन बेचने के आरोप में 11 लोगों पर एफआईआर, एक गिरफ्तार


हुगली, 26 अक्टूबर (हि. स.)। रिषड़ा स्टेशन के समीप स्थित यूनाइटेड वेजिटेबल मैदान की करीब 89 कट्ठा जमीन कथित तौर पर फर्जी तरीके से बेचने के मामले में श्रीरामपुर थाने की पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, मोहम्मद जलील हक उर्फ जांग नामक एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले पर सोमवार को प्रतिक्रिया देते हुए राज्य मंत्री पीएचई और श्रम विभाग मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में सरकारी जमीन को कथित तौर पर फर्जी तरीके से बेचने के आरोप लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसमें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह ने भी मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस मामले में सीधे तौर पर शामिल है, तो पुलिस को उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए। साथ ही, जमीन की कथित फर्जी बिक्री में किसी भी प्रकार की सहायता करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, हुगली सांगठनिक जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष असित मजूमदार ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस किसी भी अपराध करने वाले व्यक्ति के साथ नहीं है। यदि किसी ने गलत काम किया है, तो उसे सजा देने के लिए कानून मौजूद है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही जमीन की कथित फर्जी बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय