अनियंत्रित बस ने दुकान तोड़ी, व्यक्ति घायल
खड़गपुर, 14 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर नगर में सोमवार सुबह आठ बजे करीब तेज गति से आ रही एक बस अनियंत्रित होकर दुकानों को तोड़ते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे में एक 55 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। घटना में दुकानों और अन्य संपत्तियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना खड़गपुर नगर के छोटा टेंगरा, झपाटापुर मेन रोड की है।
बताया गया है कि बस धूमसाई से कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज गति के कारण चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे स्थित दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बस को पकड़ लिया। सूचना पाकर खड़गपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी सोन कुमार ने बताया कि करीब 55 वर्षीय व्यक्ति अपने किसी काम से सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस सड़क किनारे स्थित दुकानों को तोड़ते हुए आगे बढ़ी और व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान आसपास की कई दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

