home page

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

 | 

सिलीगुड़ी, 6 मार्च (हि.स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा ब्लॉक के घोषपाड़ा मोड़ इलाके में हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों के नाम बप्पा सिंह और छटका घोष है। दोनों घोषपाड़ा से सटे कालाराम जोत इलाके में रहते थे।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक स्कूटी पर तीन युवक सवार होकर शुक्रवार दोपहर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी की एक तेल के टैंकर से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल तीसरे युवक को गंभीर हालत में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने करीब 30 मिनट तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर रंगापानी चौकी और फांसीदेवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार