भीषण आग में दो गाड़ियां जलकर राख
सिलीगुड़ी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के आशीघर मोड़ के पास बादुरबागान इलाके में रविवार तड़के आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो गाड़ियां पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि पास स्थित मकान का कुछ हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। हालांकि, घटना के समय दोनों गाड़ियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तड़के अचानक एक मकान के सामने खड़ी दो गाड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों गाड़ियां बुरी तरह जल चुकी थी और मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा था। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले में आशीघर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

