दुर्गापूजा में यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए रेलवे का बड़ा कदम, उत्तर बंगाल के लिए दो पूजा स्पेशल ट्रेनें
सिलीगुड़ी,12 सितंबर (हि.स.)। दुर्गापूजा की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इनमें एक ट्रेन कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी और दूसरी हावड़ा-लामडिंग के बीच चलेगी।
पूर्व रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार, 03005 हावड़ा-लामडिंग पूजा स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन हावड़ा से सुबह 7:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह आठ बजे लामडिंग पहुंचेगी। वापसी में 03006 लामडिंग-हावड़ा स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह लामडिंग से सुबह 11 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और वातानुकूलित कोच उपलब्ध होंगे।
वहीं, 03129 कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी पूजा स्पेशल 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को चलेगी। ट्रेन कोलकाता से रात 11:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह दस बजकर 45 मिनट पर न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।वापसी में 03130 न्यू जलपाईगुड़ी-कोलकाता स्पेशल 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से दोपहर 12:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:40 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, इन पूजा स्पेशल ट्रेनों का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध कराना है। फिलहाल इन ट्रेनों में टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

