सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
उत्तर दिनाजपुर, 18 मार्च (हि. स.)। जिले के इस्लामपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दक्षिण कांचना इलाके में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में यह हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान मोहम्मद अनवारुल और मजहर आलम के रूप में हुई है। मजहर आलम धनतला के निवासी थे। जबकि अनवारुल ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के साहापुर ग्राम पंचायत के डोपकूल इलाके के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, वह अपनी दो बेटियों के साथ बाइक से इस्लामपुर अस्पताल जा रहे थे, जहां उनकी एक बेटी का डायलिसिस होना था। इसी दौरान सामने से आ रहे मजहर के बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक और सवार सड़क पर गिर पड़े।स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

