home page

तेज रफ्तार वाहन की चपेट में दो गृहिणियों की मौत

 | 

जलपाईगुड़ी, 23 सितंबर (हि. स.)। रोज की तरह बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकलीं दो गृहिणियों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसा 17 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेल ब्रिज के पास हुआ है। मृतकों की पहचान दीपमाला थापा और सुमी देवी प्रसाद के रूप में हुई है। दोनों मालबाजार ब्लॉक के उलदलाबाड़ी के देवीपाड़ा इलाके की निवासी थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों महिलाएं बुधवार तड़के रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। चेल ब्रिज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पैदल चलने के दौरान एक तेज रफ्तार छोटी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके से चालक फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा पाया। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे में शामिल वाहन और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह के समय पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार