फरक्का में तीन ट्रकों की भिड़ंत, दो घायल
मुर्शिदाबाद, 24 फ़रवरी (हि. स.)। फरक्का के नेशनल हाईवे नंबर 12 स्थित खैराकांडी चौराहे पर मंगलवार सुबह तीन ट्रकों की टक्कर में ट्रक का ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, बरहमपुर से मालदा जाते समय एक ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और आगे खड़ी ट्रक को टक्कर मार दी। दूसरे ट्रक ने आगे वाले तीसरे ट्रक को टक्कर मार दी जिससे ट्रक का ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे की वजह से नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की वजह से ट्रक के आगे और पीछे के हिस्से मुड़ गए। इस घटना की वजह से फरक्का में खैराकांडी चौराहे से सटे नेशनल हाईवे नंबर 12 पर भारी ट्रैफिक जाम लगा रहा। हादसे की खबर पाकर फरक्का थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रकों को हटाकर यातायात सामान्य किया। फरक्का पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

