home page

बागडोगरा एयरपोर्ट पर दो उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

 | 

सिलीगुड़ी, 27 अक्टूबर (हि. स.)। बागडोगरा हवाई अड्डे पर मंगलवार सुबह स्पाइसजेट की बेंगलुरु जाने वाली दो उड़ानें अचानक रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। उड़ान रद्द होने की सूचना ईमेल के जरिए दी गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद भी उन्हें एयरलाइन की ओर से कोई उचित सहायता नहीं मिली। वैकल्पिक उड़ान और रिफंड को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई।

यात्रियों के अनुसार, कई लोग जरूरी काम और बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु जाने वाले थे। निर्धारित उड़ान पकड़ने के लिए सुबह से एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। उनका आरोप है कि इस दौरान स्पाइसजेट का कोई प्रतिनिधि संतोषजनक जवाब देने के लिए सामने नहीं आया। सहायता केंद्र और काउंटर पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर भी यात्रियों ने नाराजगी जताई। यात्री प्रवीण भट्टराई ने बताया कि वह जरूरी काम से बेंगलुरु जा रहे थे और सुबह सात बजे एयरपोर्ट पहुंच गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि उड़ान रद्द होने के बाद एयरलाइन के कर्मचारियों का व्यवहार गैर-जिम्मेदाराना रहा और यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। एक अन्य यात्री शिल्पी दास ने बताया कि उनका बागडोगरा से बेंगलुरु आने-जाने का टिकट बुक था। सोमवार को वेब चेक-इन करने की कोशिश के दौरान उन्हें परेशानी हुई। बाद में ईमेल देखने पर उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली। मंगलवार सुबह एयरपोर्ट पहुंचने पर स्पाइसजेट के काउंटर पर कोई कर्मचारी नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उड़ान रद्द करने का कारण नहीं बताया गया और यात्रियों के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया गया। घटना को लेकर एयरपोर्ट पर काफी हलचल रही। हालांकि, बागडोगरा एयरपोर्ट प्राधिकरण ने इस मामले पर मीडिया के सामने कोई टिप्पणी नहीं की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार