महानंदा नदी में नहाने उतरे दो बच्चे लापता, तलाश जारी
मालदा, 21 मई (हि. स.)। पुरातन मालदा जिले में गुरुवार को महानंदा नदी में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चे डूब गए। घटना पुरातन मालदा नगर पालिका के वार्ड नंबर दो स्थित बांशहाट घाट की है।
लापता बच्चों की पहचान अर्पण सरकार (10) और देव हालदार (08) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अर्पण दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी का रहने वाला था और अपने मामा के घर बांशहाट आया हुआ था, जबकि देव हालदार स्थानीय निवासी था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर दोनों बच्चे अपने कुछ दोस्तों के साथ महानंदा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी और तेज धारा में बहकर दोनों डूब गए।
घटना के बाद साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। आपदा प्रबंधन टीम को भी बुलाया गया, लेकिन काफी देर तक तलाशी के बावजूद दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
स्थानीय पार्षद बसंती राय ने भी गहरा दुख जताया और आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने हर थाना और जिले में स्थायी आपदा प्रबंधन व्यवस्था की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं में तुरंत राहत कार्य शुरू हो सके। फिलहाल प्रशासन की ओर से नदी में तलाशी अभियान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

