home page

चुंचुड़ा में पूर्व तृणमूल विधायक के करीबी दो ‘मसल मैन’ गिरफ्तार

 | 
चुंचुड़ा में पूर्व तृणमूल विधायक के करीबी दो ‘मसल मैन’ गिरफ्तार


हुगली, 25 मई (हि. स.)। जिले के चुंचुड़ा में पुलिस ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक के करीबी बताए जा रहे दो कथित ‘मसल मैन’ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विजय कहार और वीरेंद्र साहनी उर्फ लालन के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2017 में भाजपा कार्यकर्ता निमाई दत्त पर हमला कर बंदूक की बट से उनका सिर फोड़ने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 2021 और 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले भी निमाई दत्त को जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ इलाके में अवैध वसूली, लोगों को डराने-धमकाने, जमीन कब्जाने समेत कई गंभीर शिकायतें पहले से दर्ज हैं। पिछले नगरपालिका चुनाव के दौरान भी एक भाजपा कार्यकर्ता को कथित तौर पर मुक्का मारकर उसका दांत तोड़ने का आरोप इन पर लगा था। पुलिस अब इन सभी मामलों की जांच कर रही है।

जांचकर्ताओं का कहना है कि आरोपितों को पुलिस हिरासत में लेकर उनके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जाएगी।

अदालत ले जाते समय विजय कहार ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल करना ही हमारा अपराध बन गया है। मेरे कुछ दोस्त, जो पहले माकपा में थे, फिर तृणमूल में आए और अब भाजपा में चले गए हैं, उन्हीं लोगों ने साजिश रची है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय