home page

दमदम में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला, दो गिरफ्तार

 | 
दमदम में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला, दो गिरफ्तार


कोलकाता, 20 जुलाई (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के दमदम नगर पालिका क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले को दबाने और आरोपित का साथ देने के आरोप में एक पूर्व पार्षद के पति को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड संख्या-2 में रहने वाले 40 वर्षीय बिलाल गाजी पर आरोप है कि उसने रविवार शाम एक नाबालिग को बहाने से अपने साथ ले जाकर उसके साथ कथित यौन उत्पीड़न किया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

परिजनों का आरोप है कि मामले की जानकारी देने के बाद क्षेत्र की पूर्व पार्षद के पति जलील मंडल ने उनका सहयोग करने के बजाय घटना को सार्वजनिक नहीं करने का दबाव बनाया। इस आरोप के आधार पर पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया है कि दमदम थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर