बीरभूम में टुलू मंडल के जब्त 32 करोड़ रुपये के पत्थरों की नीलामी 18 सितंबर को होगी
कोलकाता, 07 अगस्त (हि.स.)। बीरभूम जिला प्रशासन ने अब तथाकथित 'पत्थर सम्राट' टुलू मंडल के जब्त पत्थरों की नीलामी के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। मोहम्मदबाजार स्थित टुलू मंडल के पार्किंग क्षेत्र से करीब 16 लाख घनफुट पत्थर जब्त किए गए थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 32 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोप है कि इन पत्थरों का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। सूत्रों के अनुसार, इनकी नीलामी आगामी 18 सितंबर को होगी।
इससे पहले टुलू मंडल के पार्किंग लॉट सहित विभिन्न स्थानों से जब्त बालू की नीलामी के लिए भी राज्य के भूमि एवं भूमि सुधार विभाग ने अधिसूचना जारी की थी। जब्त बालू की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई थी। शुक्रवार को अब पत्थरों की नीलामी के लिए भी अधिसूचना जारी कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बीरभूम के मोहम्मदबाजार थाना क्षेत्र के देउचा गांव में टुलू मंडल के रिश्तेदार मीनार मंडल के घर से पुलिस ने 28.50 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया था। अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले टुलू मंडल फिलहाल फरार हैं। गत चार मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से वह सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं।
मीनार मंडल के घर से नकदी और सोना बरामद होने के बाद बीरभूम जिला पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया था। इस मामले में टुलू मंडल को मुख्य आरोपित बनाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ एक हत्या के मामले सहित कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि अब तक टुलू मंडल की लगभग 220 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इसमें मीनार मंडल के घर से बरामद 28.50 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना भी शामिल है। पुलिस पूछताछ में मीनार मंडल ने दावा किया है कि टुलू मंडल अपनी संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें सौंपकर गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

