home page

टुलु मंडल मामले में डोमकल में सायगल हुसैन के घर पुलिस की छापेमारी

 | 

वीरभूम, 23 अगस्त (हि.स.)।

बीरभूम के चर्चित पत्थर कारोबारी टुलु मंडल मामले की जांच अब मुर्शिदाबाद के डोमकल तक पहुंच गई है। शनिवार रात बीरभूम जिला पुलिस की विशेष जांच टीम ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल के पूर्व बॉडीगार्ड सायगल हुसैन को साथ लेकर डोमकल स्थित उसके घर पर छापेमारी की।

पुलिस अधिकारियों ने सायगल के घर पर काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई और कई दस्तावेजों की भी जांच की गई। हालांकि, तलाशी के दौरान पुलिस को क्या-क्या मिला, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

इससे पहले पुलिस ने बोलपुर स्थित सायगल के फ्लैट पर भी छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 800 ग्राम सोना बरामद होने की बात सामने आई थी। उसी दिन सायगल को गिरफ्तार किया गया था।

सायगल के घर पर कार्रवाई से पहले बीरभूम पुलिस की विशेष जांच टीम ने शनिवार को मुर्शिदाबाद के बहरमपुर स्थित टुलु मंडल के करीबी प्रवीर दास के ससुराल में भी करीब तीन घंटे तक तलाशी ली थी। तलाशी के बाद पुलिस एक काला बैग लेकर वहां से निकली थी। जांच के दौरान प्रवीर दास से पूछताछ में सायगल से जुड़ी जानकारी मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस प्रवीर और सायगल को साथ लेकर डोमकल पहुंची।

प्रवीर दास बीरभूम के मोहम्मदबाजार भूमि विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि प्रशासनिक पद का फायदा उठाकर वह टुलु मंडल के लिए काम करता था और इसके बदले मोटी रकम लेता था। पुलिस ने उसे वसूली और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया है।

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से टुलु मंडल इलाके में दिखाई नहीं दिया है। पुलिस ने उसके कई करीबी लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ के जरिए टुलु मंडल तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

मामले में टुलु मंडल ने अदालत से कानूनी राहत लेने की कोशिश भी की है, लेकिन कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस की जांच में हस्तक्षेप नहीं किया। अब सायगल हुसैन के डोमकल स्थित घर पर हुई इस तलाशी के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा