220 करोड़ की संपत्ति मामला : फरार टुलू मंडल के ससुराल में एसटीएफ की छापेमारी
बीरभूम, 05 अगस्त (हि. स.)। 220 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति मामले में फरार पत्थर कारोबारी टुलू मंडल पर राज्य पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। उनके रिश्तेदार मीनार मंडल के घर से करोड़ों रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद अब जांच एजेंसियों ने टुलू मंडल के अन्य रिश्तेदारों की गतिविधियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार सुबह राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने टुलू मंडल के ससुराल पक्ष के सदस्यों के घरों में छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ की टीम टुलू मंडल के साले मिंटू शेख उर्फ मोहम्मद शमसुल आलम के घर पहुंची। इसके अलावा दूसरे साले नुरुल इस्लाम के घर भी तलाशी अभियान चलाया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, जब टीम मिंटू शेख के घर पहुंची, तब वह वहां मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार के बाद भी उसका पता नहीं चल सका, जिसके बाद उसकी अनुपस्थिति में ही घर की तलाशी ली गई। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की गई। इस कार्रवाई से इलाके में काफी हलचल मच गई।
तलाशी अभियान के बाद दूसरे साले नुरुल इस्लाम ने दावा किया कि एसटीएफ को उनके घर से कोई नकदी, सोना या अन्य आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हमारे घर में कुछ भी नहीं है। आखिर क्या मिलेगा?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मीनार मंडल के घर से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद होने के बाद टुलू मंडल के करीबी रिश्तेदारों और सहयोगियों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है। जांचकर्ताओं का दावा है कि सरकारी राजस्व की चोरी कर टुलू मंडल ने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। इसी सिलसिले में सिउड़ी के सुभाषपल्ली स्थित टुलू मंडल के आवास पर भी तलाशी ली गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवैध रूप से अर्जित धन और संपत्ति कहां-कहां छिपाई गई है।
इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि अब तक टुलू मंडल की करीब 220 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इसमें मीनार मंडल के घर से बरामद लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी और सोना भी शामिल है। हालांकि, मुख्य आरोपित टुलू मंडल अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

