भवानी भवन के बाद अब सिउड़ी थाने में हाजिर हुए पत्थर कारोबारी टुलू मंडल
बीरभूम, 21 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार के पत्थर कारोबारी टुलू मंडल शनिवार को सिउड़ी थाने में पूछताछ के लिए हाजिर हुए। वह काले रंग की मर्सिडीज कार से थाने पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार को विदेश से लौटने के बाद उन्होंने कोलकाता स्थित सीआईडी कार्यालय भवानी भवन में हाजिरी दी थी। शुक्रवार को ही सिउड़ी थाने की पुलिस ने उन्हें तलब किया था और शनिवार दोपहर 12 बजे तक उपस्थित होने का निर्देश दिया था। हालांकि, वह करीब एक बजे थाने पहुंचे।
टुलू मंडल पर हजारों फर्जी डीसीआर (डिजिटल चालान रसीद) के इस्तेमाल और करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है। दूसरी ओर, उनके रिश्तेदार मीना मंडल के घर से करीब 28 करोड़ रुपये नकद और कई किलोग्राम सोना बरामद होने का मामला भी सामने आया था। सूत्रों के अनुसार, इसी मामले को लेकर सिउड़ी थाने की पुलिस ने टुलू मंडल को पूछताछ के लिए बुलाया है।
फर्जी डीसीआर के माध्यम से करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर पिछले कई महीनों से जांच एजेंसियों की नजर टुलू मंडल पर थी। सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। उनके नाम पर इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि टुलू मंडल को 17 नवंबर तक भारत लौटना होगा। कानूनी संरक्षण मिलने के बाद वह विदेश से वापस लौटे। देश लौटते ही उन्हें जांच एजेंसियों और पुलिस के समक्ष उपस्थित होना पड़ा है।
पुलिस का दावा है कि चार मई को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ही टुलू मंडल देश छोड़कर चले गए थे। इसके बाद बीरभूम में छापेमारी के दौरान उनकी बड़ी संपत्ति का पता चला। पुलिस ने उनके कई रिश्तेदारों और परिचितों के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया था। आरोप है कि कोयला उत्खनन से मिलने वाले राजस्व की राशि में हेराफेरी और राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के कर का भुगतान नहीं करके टुलू मंडल ने अपना विशाल आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही सिउड़ी अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। 41 पृष्ठों के आरोपपत्र के साथ करीब एक हजार पृष्ठों के दस्तावेज भी अदालत में जमा किए गए हैं। आरोपपत्र में टुलू मंडल समेत कुल 12 लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें से 11 लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि मोहम्मद बाजार स्थित टुलू मंडल के पार्किंग स्थल में फर्जी डीसीआर तैयार करने के लिए एक छापाखाना बनाया गया था। वहां तलाशी के दौरान 482 फर्जी डीसीआर बरामद होने का दावा किया गया है। इसके अलावा विभिन्न टोल प्लाजा और टुलू मंडल के सहयोगियों तथा प्रबंधकों के घरों पर तलाशी के दौरान 488 अन्य डीसीआर भी बरामद किए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद 17 नवंबर तक देश लौटने वाले टुलू मंडल की वापसी के साथ ही जांच की कार्रवाई तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

