home page

बीरभूम के पत्थर कारोबारी टुलु मंडल का भांजा गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी तैयारी

 | 
बीरभूम के पत्थर कारोबारी टुलु मंडल का भांजा गिरफ्तार, नेपाल भागने की थी तैयारी


कोलकाता, 01 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पत्थर कारोबारी और अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले टुलु मंडल से जुड़े करोड़ों रुपये की बरामदगी मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। टुलु मंडल के भांजे शेख वासिम को शुक्रवार देर रात सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया गया। उसे बीरभूम लाकर शनिवार को रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, शेख वासिम की भूमिका टुलु मंडल के कारोबार में क्या थी और करोड़ों रुपये की नकदी तथा सोने के मामले से उसका क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है। पिछले दो दिनों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सूत्रों का दावा है कि वह सिलीगुड़ी के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में बुधवार को टुलु मंडल के रिश्तेदार मीनार मंडल के बीरभूम के मोहम्मदबाजार थाना क्षेत्र स्थित देऊचा गांव के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। इसके बाद गुरुवार सुबह मीनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मीनार ने दावा किया कि टुलु मंडल अपनी संपत्तियों की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें सौंपकर फरार हो गया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मीनार मंडल से पूछताछ के दौरान ही शेख वासिम का नाम सामने आया। इसके बाद सिलीगुड़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बीरभूम जिला पुलिस के हवाले कर दिया।

जांच के तहत गुरुवार को पुलिस ने मीनार मंडल के सूरी और सोंतशाल स्थित घरों में भी कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। देर रात जांच पूरी होने के बाद सूरी स्थित मकान को सील कर दिया गया। हालांकि, वहां से क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि टुलु मंडल के पत्थर कारोबार में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता तो नहीं हुई, सरकारी राजस्व की चोरी कर अवैध संपत्ति तो नहीं बनाई गई, या फिर धमकी देकर वसूली और जमीन पर अवैध कब्जे जैसे मामलों से इस संपत्ति का संबंध तो नहीं है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 409 और 111 के तहत मामला दर्ज किया गया है। टुलु मंडल के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही टुलु मंडल फरार है और उसकी तलाश लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर