home page

शांतिनिकेतन में टूलू मंडल के करीबी तीन लोग हिरासत में, पुलिस ने घर में चलाया तलाशी अभियान

 | 

बीरभूम, 10 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में सोनाझुरी जंगल के पीछे स्थित एक मकान में सोमवार को पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर पत्थर कारोबारी टूलू मंडल के तीन करीबी लोगों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, ये तीनों लंबे समय से इसी मकान में रह रहे थे। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक उनकी हिरासत को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस मकान में पुलिस ने तलाशी ली, उसके प्रवेश द्वार के पास लंबे समय से एक कार खड़ी थी। सूत्रों का दावा है कि यह कार टूलू मंडल के साले एमडी शमसुर आलम की है। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से कार वहीं खड़ी थी। इस संबंध में भी पुलिस ने कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

गौरतलब है कि हाल ही में बीरभूम के मोहम्मद बाजार थाना इलाके में टूलू के रिश्तेदार मिनार मंडल के घर से पुलिस ने 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया था। इसके बाद बीरभूम जिला पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था, जिसमें टूलू मंडल को मुख्य आरोपित बनाया गया है।

तृणमूल कांग्रेस नेता अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले टूलू मंडल पिछले कुछ समय से फरार बताए जा रहे हैं। गत चार मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि वह देश से बाहर जाकर छिपे हुए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, टूलू के खिलाफ हत्या के एक मामले समेत कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। सुरक्षा और कानूनी संरक्षण की मांग को लेकर टूलू ने कलकत्ता हाई कोर्ट का भी रुख किया है।

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश के अनुसार, अब तक टूलू मंडल से जुड़ी करीब 220 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इसमें मिनार मंडल के घर से बरामद 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना भी शामिल है।

पुलिस पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया है कि टूलू मंडल ने अपनी संपत्तियों की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें सौंप रखी थी। हालांकि, टूलू इस समय कहां हैं, इसकी जानकारी अभी तक पुलिस को नहीं मिल सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय