home page

सीआईडी के सामने पेश हुए पत्थर कारोबारी टुलु मंडल, न्यूटाउन में बरामद रुपये के स्रोत की होगी जांच

 | 
सीआईडी के सामने पेश हुए पत्थर कारोबारी टुलु मंडल, न्यूटाउन में बरामद रुपये के स्रोत की होगी जांच


कोलकाता, 20 नवंबर (हि.स.)। बीरभूम के पत्थर खदान कारोबारी मोहम्मद निजामुद्दीन उर्फ टुलु मंडल शुक्रवार को भवानी भवन स्थित सीआईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश हुए। दोपहर में अपने वकील के साथ पहुंचे टुलु मंडल सीधे चौथी मंजिल पर पूछताछ के लिए गए। न्यूटाउन से बरामद करीब दो करोड़ रुपये के स्रोत की जांच के सिलसिले में सीआईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था।

सुप्रीम कोर्ट से संरक्षण मिलने के बाद टुलु मंडल 17 अक्टूबर को संयुक्त अरब अमीरात से भारत लौटे थे। इसके बाद सीआईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया था। अधिकारियों ने उनसे पूछताछ के लिए एक विशेष टीम गठित की है। इस टीम में डीएसपी स्तर के एक पुलिस अधिकारी, एक इंस्पेक्टर-इन-चार्ज और तीन सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं।

जांच के दौरान न्यूटाउन से बरामद बड़ी रकम के स्रोत का पता लगाने में टुलु मंडल का नाम सामने आया है। जांच अधिकारियों का दावा है कि बरामद नकदी का बड़ा हिस्सा बीरभूम में टुलु मंडल के पत्थर खदान कारोबार में लगाया गया था। इसी सिलसिले में सीआईडी उनसे पूछताछ कर रही है।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद गिरफ्तारी की आशंका के बीच टुलु मंडल 31 मई को अपने परिवार के साथ तुर्किये चले गए थे। बाद में जानकारी सामने आई कि वह संयुक्त अरब अमीरात में गोल्डन कार्ड लेकर रह रहे थे। इससे पहले पुलिस ने उनके घर से सोना और नकदी सहित लगभग 144 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। देश छोड़ने के बाद उन्होंने पहले कलकत्ता हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में कानूनी संरक्षण के लिए आवेदन किया था।

इस मामले में 13 अक्टूबर को मोहम्मद बाजार थाने की पुलिस ने टुलु मंडल के खिलाफ सिउड़ी जिला अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। पुलिस ने 41 पृष्ठों का आरोपपत्र जमा किया था। इसके साथ करीब एक हजार पृष्ठों के दस्तावेज भी अदालत में प्रस्तुत किए गए थे।

आरोपपत्र में टुलु मंडल सहित कुल 12 लोगों के नाम शामिल हैं। इनमें से 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में चार सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले में अब तक 52 गवाहों के नाम दर्ज किए गए हैं। टुलु मंडल के फरार रहने के दौरान उनके खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता