home page

टुलू मंडल प्रकरण में व्यापक कार्रवाई, संपत्तियां जब्त

 | 
टुलू मंडल प्रकरण में व्यापक कार्रवाई, संपत्तियां जब्त


कोलकाता, 31 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बीरभूम के कथित पत्थर कारोबारी टुलू मंडल के विरुद्ध हुई कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा देते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर संपत्ति का अर्जन किसी राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार के संरक्षण की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि इस प्रकरण से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि टुलू मंडल के विभिन्न बैंक खातों में जमा 93 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 53 लाख रुपये नकद, 268 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी और 63 ग्राम प्लैटिनम जब्त किया गया है। जांच के दौरान तीन नोट गिनने की मशीनें, एक कंप्यूटर तथा सीपीयू और दो पेन ड्राइव भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 83 ट्रक और डंपर सहित बीएमडब्ल्यू, ऑडी समेत कुल 242 वाहन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा सात मकान, एक फार्महाउस, दो पेट्रोल पंप, एक पार्किंग स्थल, दो स्टोन क्रशर सहित कुल 21 संपत्तियों की पहचान की गई है। लगभग 300 बीघा भूमि और अन्य संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले के मुख्य सूत्रधार तक पहुंचने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उनका आरोप था कि इतने लंबे समय तक इतने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार बिना ऊंचे स्तर के संरक्षण के संभव नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

टुलू मंडल के अब भी फरार होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि वह चार मई के बाद विदेश भाग गया है। उन्होंने राज्य पुलिस पर विश्वास जताते हुए हुए कहा कि जांच एजेंसियां उसे शीघ्र गिरफ्तार करने में सफल होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता