मेदिनीपुर में तेज रफ्तार ट्रक बोलेरो पर चढ़ा, दो की मौत
मेदिनीपुर, 03 मार्च (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोणा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक पुलिसकर्मी शामिल हैं। दुर्घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे मेदिनीपुर पुलिस लाइन से एक ड्राइवर समेत कुल चार पुलिसकर्मियों को लेकर एक बोलेरो गाड़ी गढ़बेता की ओर ड्यूटी पर जा रही थी। इसी दौरान सातबांकुड़ा इलाके में विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बोलेरो के ऊपर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
आनन-फानन में पुलिसकर्मी पांचों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि शेष तीन घायलों को भर्ती कर लिया गया। डॉक्टरों ने तीनों की हालत काफी गंभीर और चिंताजनक बताई है। मृतकों की पहचान एनवीएफ कर्मी समीर दोलाई (38), निवासी बेलियाबेड़ा, जिला झाड़ग्राम और बोलेरो चालक शेख अमीन (47), निवासी पंचबेड़िया, खड़गपुर के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक पलाश चंद्र ढाली ने पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

