home page

जगद्धात्री पूजा मेले के दौरान सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत, पांच घायल

 | 
जगद्धात्री पूजा मेले के दौरान सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत, पांच घायल


पूर्व मेदिनीपुर, 19 नवंबर (हि. स.)। जिले में जगद्धात्री पूजा के मेले के दौरान बुधवार देर शाम नंदकुमार के खांची इलाके में हल्दिया-मेदिनीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार सब्जियों से लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक टोटो को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। जिसकी वजह से टोटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि करीब पांच लोग घायल हो गए।मृतक की पहचान 35 वर्षीय गौरांग माइती के रूप में हुई है। वह नंदकुमार थाना क्षेत्र के दक्षिण दामोदरपुर का निवासी था। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम करीब सात बजे सब्जियों से लदा एक ट्रक नंदकुमार की ओर से मेचेदा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान खांची सिग्नल के पास एक टोटो खड़ा था। तेज रफ्तार ट्रक ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक टोटो को लगभग 200 मीटर तक घसीटता चला गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाल कर तमलुक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

उल्लेखनीय है कि खांची इलाके में जगद्धात्री पूजा के अवसर पर मेला लगा हुआ है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट रही है। इसी वजह से इलाके में यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी की गई थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता