पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिरा ट्रक, चालक की मौत
अलीपुरद्वार, 07 अप्रैल (हि. स.)। जिले के हासिमारा इलाके में मंगलवार सुबह तोरसा नदी पुल पर एक ट्रक रेलिंग तोड़कर करीब 50 फीट नीचे नदी में जा गिरा, जिससे ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा एशियन हाईवे-28 पर उस समय हुआ जब मादारीहाट की ओर से एक मालवाहक ट्रक असम की दिशा में जा रहा था। पुल के बीच में ट्रक अचानक दाईं ओर मुड़ गया और सामने से आ रहे डंपर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक बाईं ओर की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे तोरसा नदी में गिर गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत मादारीहाट ग्रामीण अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, ट्रक चालक को लताबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। डंपर को जब्त कर लिया गया है और नदी में गिरे ट्रक को निकालने का प्रयास जारी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

