भाजपा प्रत्याशी निशीथ प्रमाणिक को घेरकर तृणमूल का प्रदर्शन
कूचबिहार, 23 अप्रैल (हि. स.)। मतदान के दिन घोजाडांगा चाय बागान क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक को तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। ‘पैसे बांटने’ के गंभीर आरोपों ने पूरे इलाके का माहौल गरमा दिया।
यह घटना माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र के घोजाडांगाचाय बागान इलाके में 2/48 नंबर बूथ के पास हुई। जैसे ही निशीथ प्रमाणिक वहां पहुंचे, तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और आरोप लगाया कि वे मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
तृणमूल नेताओं का दावा है कि भाजपा प्रत्याशी गुप्त रूप से वोटरों के बीच पैसे बांट रहे थे। यह खबर फैलते ही इलाके में ‘जय बंगला’ और ‘गो बैक’ के नारे गूंजने लगे।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और झड़प की नौबत आ गई। लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आने से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि, निशीथ प्रमाणिक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल अपनी हार तय मानकर झूठे आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा मुझ पर हमला करवाने की साजिश रची जा रही थी।
स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को अलग कर हालात को नियंत्रित किया गया। भाजपा प्रत्याशी को कड़ी सुरक्षा में वहां से बाहर निकाला गया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

