प्रशासन के निर्देश पर जलपाईगुड़ी के तृणमूल नेता की मिल सील
जलपाईगुड़ी, 04 सितंबर (हि. स.)। दस्तावेजों में कथित विसंगतियां पाए जाने के बाद जलपाईगुड़ी शहर के तृणमूल कांग्रेस नेता और पूर्व तृणमूल पार्षद सुब्रत राय की तेल मिल पर प्रशासन ने ताला लगा दिया है। बताया गया है कि मिल से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान प्रशासन को कुछ अनियमितताएं नजर आई। इसके बाद बुधवार को नगरपालिका प्रशासक एवं सदर बीडिओ मोईम अहमद ने तेल मिल को बंद रखने का निर्देश दिया था। निर्देश के बाद गुरुवार देर रात पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मिल परिसर में पहुंचे और मिल को बंद करा दिया। साथ ही मिल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर उसे सील कर दिया गया।
हालांकि, सुब्रत राय के परिवार का दावा है कि तेल मिल के लाइसेंस के लिए पहले ही आवेदन किया जा चुका है। परिवार के मुताबिक, लाइसेंस की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान ही प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
वहीं, प्रशासन की ओर से बताया गया है कि दस्तावेजों में पाई गई विसंगतियों के कारण ही तेल मिल को बंद करने का निर्देश दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

