home page

पूर्व उत्तर बंग विकास मंत्री उदयन गुहा को सात दिनों की पुलिस हिरासत

 | 
पूर्व उत्तर बंग विकास मंत्री उदयन गुहा को सात दिनों की पुलिस हिरासत


कूचबिहार, 18 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व उत्तर बंग विकास मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के नेता उदयन गुहा को दिनहाटा सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कूचबिहार पुलिस ने उदयन गुहा के लिए 14 दिन की पुलिस हिरासत की मांग की थी। पुलिस का कहना था कि मामले में कई पहलुओं की जांच की जानी है और पूछताछ के लिए हिरासत जरूरी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। केस की अगली सुनवाई 25 जून को होगी।

उदयन गुहा को कोलकाता से कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से दिनहाटा थाना लाया गया। उन्हें बुधवार को कोलकाता में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस गुरुवार तड़के उन्हें दिनहाटा लेकर पहुंची। दिनहाटा थाना पहुंचने पर पहले उन्हें एक कमरे में बैठाया गया और बाद में लॉकअप में रखा गया। सूत्रों के अनुसार, जिस लॉकअप में गुहा को रखा गया है, वहीं उनके पुराने सहयोगी जयदीप घोष भी हैं। जयदीप घोष को कुछ दिन पहले ही इलाके में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सूत्रों के अनुसार पुलिस पूरे मामले में पूछताछ की तैयारी कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा