home page

धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, धामसा-मादल की थाप पर थिरके विधायक दुर्गा मुर्मू

 | 
धूमधाम से मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, धामसा-मादल की थाप पर थिरके विधायक दुर्गा मुर्मू


सिलीगुड़ी, 14 नवंबर (हि. स.)। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के तहत शनिवार को सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी अंतर्गत बिन्नाबाड़ी इलाके में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान आदिवासी समुदाय की पारंपरिक संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिली। धामसा-मादल की थाप के बीच आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन फांसीदेवा के भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने किया। समारोह में सिलीगुड़ी महकमा परिषद के पंचायत काउंसिल चेयरमैन अजय उरांव, खोरीबाड़ी की बीडीओ दीप्ति साउ समेत कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे।

विधायक दुर्गा मुर्मू धामसा-मादल की थाप पर थिरकते हुए और ढोल बजाते हुए समारोह स्थल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक दुर्गा मुर्मू ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में आदिवासी समुदाय को उनके अधिकार और सम्मान नहीं मिल पाए। उन्होंने जमीन पर कब्जे जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना आदिवासी समाज के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार