बिजली विभाग के अधिकारी पर हमले के विरोध में आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन
दक्षिण दिनाजपुर, 27 नवंबर (हि. स.)। जिले के तपन में बिजली विभाग के सहायक अधिकारी अशोक टुडू पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विवाद गहराता जा रहा है। घटना के विरोध में आरोपितों की कड़ी सजा की मांग को लेकर आदिवासी संगठनों ने शुक्रवार को विरोध मार्च निकाला।
वहीं, घायल अधिकारी के परिवार ने प्रशासन और स्थानीय सांसद की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ ऑल आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन की जिला शाखा के नेतृत्व में तपन के स्कूल मोड़ से विरोध मार्च निकाला गया। मार्च बिजली विभाग कार्यालय के सामने से होते हुए तपन चौरंगी मोड़ और तपन थाने तक पहुंचा। यहां संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस बीच, पीड़ित अशोक टुडू की पत्नी जिया हेमब्रम ने भी अपना आक्रोश जाहिर किया है। उनका आरोप है कि घटना के आरोपितों को बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद कार्यालय में रखा गया था। उन्होंने सांसद और जिला पुलिस प्रशासन पर आरोपितों को बचाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है। इसके अलावा उन्होंने तपन के विधायक बुधराय टुडू पर भी परिवार की मदद नहीं करने का आरोप लगाया।
हालांकि, विधायक बुधराय टुडू ने बताया कि उन्होंने अशोक टुडू से बातचीत कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि तपन थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। कानून से ऊपर कोई नहीं है और पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

