कूचबिहार मिनी बस स्टैंड में परिवहन कर्मियों ने चलाया सफाई अभियान
कूचबिहार, 29 नवंबर (हि. स.)। कूचबिहार शहर को सुंदर और प्रदूषणमुक्त रखने के संदेश के साथ स्थानीय निजी परिवहन कर्मियों और मालिक संगठन के सदस्यों ने स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लिया। रविवार सुबह कूचबिहार मिनी बस स्टैंड परिसर में कूचबिहार जिला निजी कर्मचारी परिवहन एवं मालिक समिति की ओर से यह सफाई अभियान चलाया गया।
उत्तर बंगाल विकास विभाग की पहल पर कूचबिहार शहर नए रूप में संवर रहा है। इस सौंदर्यीकरण योजना के प्रमुख आकर्षणों में से एक के रूप में मिनी बस स्टैंड में डबल डेकर बस ‘रॉयल सिटी’ की शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था को साफ-सुथरा रखने और इसके समुचित रखरखाव के उद्देश्य से ही परिवहन कर्मियों ने यह कदम उठाया। अभियान के दौरान सदस्यों ने मिनी बस स्टैंड और आसपास के पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई की।
संगठन के प्रतिनिधि सुशील घोष ने कहा कि कूचबिहार को ‘रॉयल सिटी’ के रूप में विकसित करने के लिए आम लोगों और सभी संबंधित वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवहन कर्मियों की जिम्मेदारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ रखना और इसकी सुंदरता बनाए रखना भी उनका कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से वे उत्तर बंगाल विकास विभाग के इस प्रयास के साथ खड़े हुए हैं। उन्होंने शहर को हमेशा साफ रखने के लिए आम नागरिकों से भी जागरूक होने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

